Nava Savera

नया सवेरा

सोशल मीडिया पर पंजाबी व्यक्ति के कत्ल का फर्जी दावा, जालंधर पुलिस ने दी सही जानकारी

शराब पीने के दौरान दोस्तों में हुआ था झगड़ा, प्रवासी व्यक्तियों द्वारा हत्या की खबर निकली पूरी तरह अफवाह

थाना रामा मंडी पुलिस ने आरोपी वरिंदर उर्फ रूपी को किया गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज

जालंधर (एकम) जालंधर के एसीपी सेंट्रल, राजेश ठाकुर (पीपीएस) ने सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक फर्जी खबर का खंडन करते हुए मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि कुछ प्रवासी व्यक्तियों ने मिलकर एक पंजाबी व्यक्ति, जिसे किसी पार्षद का नजदीकी बताया जा रहा है, की हत्या कर दी है। पुलिस अधिकारी ने साफ किया कि यह दावा पूरी तरह से निराधार है और तथ्यों पर आधारित नहीं है।

मामले की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 को मोहल्ला गुरु नानकपुरा में दविंदर सिंह और उसका दोस्त वरिंदर उर्फ रूपी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। बहस के दौरान वरिंदर उर्फ रूपी ने दविंदर सिंह पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के संदर्भ में थाना रामा मंडी में एफआईआर नंबर 280, दिनांक 30 सितंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जालंधर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वरिंदर उर्फ रूपी को 1 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के फैल रही भ्रामक और अफवाह फैलाने वाली खबरों पर विश्वास

न करें।

Navan Savera
Author: Navan Savera

Leave a Comment